दरी मेला के नंदीग्राम पशु मेला आए बैल और गाय।
- फोटो : BALLIA
बलिया। ददरी मेला के नंदी ग्राम पशु मेले में शुक्रवार को दुधारू पशुओं के उतरने से मेले की रौनक दिखी। ऐतिहासिक पशु मेला अब पूरी तरह सजधज कर तैयार है, वहीं मेले में पशुओं की आवक तेज हो गई है। नंदी ग्राम मेले में बैल, गाय व बछड़ों की कई खेप पहुंच गई है। व्यापारियों ने जहां अपना डेरा तंबू खड़ा कर दिया है। वहीं, मेले में पशुओं की खरीद बिक्री शुरू होने से नगरपालिका की आमदनी भी बढ़ने लगी है। नगर पालिका परिषद ने मेले में प्रकाश व पानी का सुविधा मुहैया करा दिया है।
मेले में बाहरी व्यापारियों के आने का क्रम अभी भी जारी है। कार्तिक पूर्णिमा से यहां आमजन का ददरी मेला भी शुरू हो जाएगा। उससे पहले पशु मेले में हर तरह के पशु आ रहे हैं। बैल, गाय, घोड़े आदि की बिक्री लगातार हो रही है। सबसे ज्यादा दुधारू गायों व भैंस के खरीदार मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में आये एक से बढ़ कर एक घोड़े सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। वहीं जर्सी बछियों को देखने के लिए भी लोगों का जुटान दिन भर हो रहा है। बाहरी व्यापारियों में नागपुर, हरियाणा सहित बिहार से भी भारी संख्या में पशुओं के साथ व्यापारी पहुंचे हैं।
इधर ददरी मेले के मीना बाजार के लिए दुकानदार अपने सामानों को उतारने लगे हैं। इसको लेकर सभी की उत्सुकता बढ़ने लगी हैं। ददरी मेला का मीना बाजार कार्तिक पूर्णिमा यानी 30 नवंबर से शुरू हो जायेगा। इस मेले में जनपद ही नहीं बाहर से भी भारी संख्या में लोग घूमने व सामानों की खरीदारी को पहुंचते हैं। हालांकि इस बार मेला में सर्कस, झूला और चरखी के नहीं आने से लोगों को निराशा जरूर है।
-------------------------------
पांच दिनों में हुई 5.1 लाख की आय
बलिया। ददरी मेला के नंदीग्राम में पांचवे दिन बृहस्पतिवार को नगर पालिका को 62हजार 250 रुपये की आमदनी हुई, जिसमें 34 हजार 750 रुपये गाय, बैल व भैंस की बिक्री से, जबकि घोड़ा की बिक्री से 7 हजार पांच सौ रुपये की आमदनी हुई है। इसके अलावा पशुओं के पंजीकरण से 19 हजार पांच सौ और वाहनों के पंजीकरण से 750 रुपये की आय हुई। यह जानकारी नगर पालिका प्रशासन द्वारा दी गई। इसके पूर्व नंदी ग्राम से नगर पालिका को 4 लाख 39 हजार 250 रुपये की आय हुई थी। इस प्रकार पांच दिनों में नगर पालिका को पांच लाख एक हजार पांच सौ रुपये की आय हुई है।
-------------------------------