नगरा/ इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर (छोटकापुरा) गांव में शनिवार की रात पत्नी प्रीति (22) और सास सुशीला देवी (45) की गला रेतकर हत्या करने व ससुर अंतू गुप्ता (50) हमला करने का आरोपी अमित गुप्ता 24 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अमित के सिंहाचवर घर पर ताला लगाकर परिजन भी भागे हुए हैं। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीओ रसड़ा आलोक कुमार व तहसीलदार उदय राज रत्ना इलाज करा कर घर पहुंचे घायल अंतू का हालचाल जाना व आर्थिक मदद का भरोसा दिया।
उधर देर शाम पोस्टमार्टम के बाद प्रीति और सुशीला देवी के शव घर पर लाए गए। गड़वार थाना के सिंहाचवर निवासी अमित गुप्ता की चार साल पहले बछईपुर के छोटकापुरा गांव निवासी प्रीति गुप्ता से शादी हुई थी। पत्नी की विदाई न होने से नाराज अमित ने ससुराल पहुंचकर पत्नी व सास की हत्या कर दी थी और ससुर अंतू पर हमला कर दिया। वाराणसी में इलाज के बाद घर पहुंचे। छोटी साली कृति की तहरीर पर पुलिस ने अमित गुप्ता पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी में जुटी है।