फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: बंगलूरू से गिरफ्तार आरोपी थाने से भागा

विज्ञापन
विज्ञापन
भीमपुरा। किशोरी के अपहरण के आरोप में बंगलूरु से गिरफ्तार आरोपी शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा से थाने से भाग गया। इसकी खबर लगते ही प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रात में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन 24 घंटे बाद भी वह पकड़ से दूर है। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी को बंगलूरू से पकड़ा था। लड़की भी वहीं पर मिली थी। पीड़ित पिता ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को आरोपी सलमान निवासी घोसी (मऊ) शादी का झांसा देकर 22 अप्रैल को घर से लेकर भगा गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर भीमपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। परिजन भी अपने स्तर से बेटी की खोजबीन करने लगे। इस बीच पिता साइबर ठगी का भी शिकार हो गया। किसी ने उसकी बेटी के आजमगढ़ में होने की बात कहकर हजारों रुपये ठग लिए थे। उधर, आरोपी युवक किशोरी को लेकर बंगलूरू पहुंच गया। वहां से एक व्यक्ति के मोबाइल से किशोरी के पिता को फोन कर मुकदमा हटाने की धमकी देने लगा।
पिता ने जब उक्त नंबर पर फोन किया तो जिसका मोबाइल था, वह मऊ जिले का निकला। पिता ने पूरी कहानी बताई तो उसने कहा कि आप जल्दी आ जाइए, अपने यहां दोनों को रोका हूं। किशोरी के पिता पुलिस को साथ लेकर हवाई जहाज से बंगलूरू पहुंचे। वहां पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उसके किशोरी भी मिल गई। पुलिस दोनों को लेकर वहां से ट्रेन से रवाना हुई। बलिया आते समय आरोपी ने पुणे रेलवे स्टेशन पर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। पुलिस टीम शुक्रवार को करीब 11 बजे आरोपी को लेकर थाने पर पहुंची।
विज्ञापन

पीड़िता के पिता ने बताया कि पुलिस की टीम ने आरोपी को थाना पर तैनात कर्मियों के सुपुर्द कर दिया। बेटी को कागजी कार्यवाही के बाद वह घर लेकर चले गए। उधर, शाम को आरोपी थाने में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपी ने रास्ते में मुझे व बेटी को सबक सिखाने की धमकी दी थी। पिता ने आरोपी की गिरफ्तारी व रास्ते में पुलिस के साथ लाने का साक्ष्य दिखाते हुए पुलिस पर नाकामी का आरोप लगाते हुए ड्यूटी में तैनात दोषी की जांच कर कार्रवाई व परिवार की सुरक्षा की मांग की। इस मामले में थाना प्रभारी मदन पटेल ने कहा कि किशोरी को मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। आरोपी अभी पकड़ में नहीं है, उसकी गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें