बलिया। बीते दिनों अचानक मौसम में बदलाव होने से कम इम्यूनिटी वाले लोगों की सेहत पर असर पड़ा है। दो दिनों में तापमान में छह से आठ डिग्री की कमी दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री व बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 22.5 रहा। मौसम में बदलाव होने से सेहत पर काफी असर हो रहा है। लोगों में सर्दी जुकाम, खांसी, गले में खरास, सिर में जकड़न, सांस लेने में परेशानी, अस्थमा की समस्या बढ़ी है।
जिला अस्पताल के ओपीडी में बृहस्पतिवार को 1459 मरीज इलाज कराने पहुंचे, इसमें सबसे ज्यादा फिजिशियन व बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भीड़ रही है। 258 मरीज फिजिशियन व 182 मरीज बाल रोग ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे, 70 प्रतिशत मरीजों को सर्दी, जुकाम, गले में खरास, सिर दर्द, वायरल फीवर, खांसी, सांस लेने में परेशानी वाले मरीज रहे।
सांस रोगियों व अस्थमा रोगियों गंभीर हालत में इमरजेंसी पहुंच रहे हैं। एलर्जी के कारण बदलते मौसम के कारण कंजक्टिवाइटिस के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।
आंखों में इन्फेक्शन एक से दूसरे में फैलती है, इसलिए साफ-सफाई से ही इससे बचा सकता है। फिजिशियन मनोज कुमार ने बताया की मौसम के बदलाव से एलर्जी की चपेट में आने से शरीर में तमाम परेशानी देखने को मिल रही है।
डाॅ. पंकज झा ने बताया कि परेशानी होने पर नजदीकी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह पर दवा का कोर्स पूरा करे आराम मिलेगा, लापरवाही घातक हो सकती है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके उपाध्याय ने बताया कि जकड़न को हल्के में न लें तत्काल चिकित्सक से सलाह लें।