नगर में धूप से बचने के लिए चेहरा ढककर अपने गंतव्य को जाती युवतिया।संवाद
बलिया। अप्रैल में आधा पखवाड़ा बीतते ही गर्मी चरम पर पहुंच गई है। तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। इस मौसम का सबसे गर्म दिन रविवार रहा। सुबह आठ बजे के बाद ही तेज धूप हो रही है। दोपहर से लू चलने लगी है।
इस बीच बिजली की अघोषित कटौती शुरू हो गई है। शहर से लेकर गांव तक 24 घंटे में 14 घंटे से ज्यादा कटौती हो रही है। बाकी आधे-आधे घंटे में ट्रिपिंग होने से लोग परेशान हैं। सार्वजनिक स्थानों पर निशुल्क प्याऊ के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप व पछुआ हवा और लू के थपेड़ों से लोग घरों में दुबके रहे। प्रचंड गर्मी के कारण दिन में 10 बजे के बाद सड़कों पर दोपहिया वाहन, साइकिल सवार तथा पैदल लोग बहुत कम दिखायी दे रहे थे।
रविवार को अक्षत तृतीया होने के बावजूद दोपहर में चौक में सन्नाटा पसरा रहा दुकानदार उदास बैठे रहे। ग्रामीण अंचलों की स्थिति भी ऐसी ही है लोग दिन में घरों से नही निकल रहे हैं। तपती गर्मी के लिए ग्रामीण बाग बगीचों की छांव में दिन काट रहे हैं। गर्मी बढ़ने से शीतल पेय पदार्थों की बिक्री में इजाफा हुआ है। शीतल पेय के अलावा देशी पेय पदार्थों की डिमांड भी तेजी से बढ़ी है। उमस भरी गर्मी में बिजली और पानी की समस्या से लोग बुरी तरह परेशान रहे।
सुबह 10 बजे के बाद शहर के बहेरी क्षेत्र के करीब 11 गांवों में बिना किसी सूचना के आठ घंटे से ज्यादा कटौती रही। लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। बैरिया तहसील के 153 गांवों में 24 घंटा में सिर्फ सात घंटे बिजली मिली। बेल्थरोड तहसील, बांसडीह तहसील में ज्यादा कटौती ज्यादा है। रसड़ा व सिकंदरपुर तहसील में कम कटौती चल रही है।
पूर में भी भीषण गर्मी और बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। दिन और रात मिलाकर करीब 10 बार बिजली आती-जाती रही। रात में आधे-आधे घंटे पर बिजली गुल रही। गौरा मदनपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि में सप्लाई बार-बार बाधित होने के कारण ट्रिपिंग की समस्या आ रही है।
बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग की समस्या से लोग परेशान हैं। कस्बा क्षेत्र में महज एक घंटे के भीतर 3 से 4 बार बिजली गुल हो जा रही है।