हल्दी थाना क्षेत्र के कठही गांव निवासी मृतका रीमा यादव। फाइल फोटो परिजन
हल्दी। थाना क्षेत्र के कठहीं गांव में शनिवार सुबह किशोरी का शव घर में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कठहीं गांव निवासी त्रिभुवन यादव की पुत्री रीमा (15) पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मां उर्मिला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे मैं घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी काम से घर के दूसरे हिस्से में गई तो रीमा को पंखे से साड़ी के सहारे लटका देखा। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और हल्दी थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने किशोरी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजू कुमार राय ने बताया कि चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। वहीं, क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि किशोरी की मौत फंदे पर लटकने से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।