दर्दर मुनि की तपो भूमि पर लगने वाले ददरी मेले के नंदीग्राम में रविवार को चेतक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतिष्ठित घुड़दौड़ के लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मैदान और वहां की मिट्टी को तैयार करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल की अच्छी तरह से सफाई की गई है।
उधर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए घुड़सवार भी कई दिन पहले से डेरा डाले हुए हैं, ताकि यहां की मिट्टी और आबोहवा से घोड़े घुलमिल जाएं। देर शाम तक प्रतियोगिता स्थल के चारों तरफ बैरिकेडिंग करके मंच को अंतिम रूप दिया जाता रहा। पूर्वांचल की श्रेष्ठ प्रतियोगिता होने के कारण इसकी खास महत्ता है।
शनिवार को तड़के भी घुड़सवार अपने-अपने घोड़ों को लेकर अभ्यास में जुटे थे। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि लक्ष्मण गुप्ता ने मैदान का निरीक्षण किया। साथ ही घुड़सवारों से उनकी जरूरतों के बारे में पूछा।
चेतक प्रतियोगिता में इस बार कई पुराने, तो कई नए चेहरे भी होंगे। इसमें मुख्य रूप से सिकटौरी रतसर से छोटे लाल यादव अपने घोड़े शक्ति को लेकर रेस में उतरेंगे। इसी क्रम में मऊ के मधुबन से अवधेश यादव अपने घोड़े पवन के वेग से प्रतियोगिता जीतने का प्रयास करेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बिहार के मुजफ्फरपुर से हरिवंश राय अपने घोड़े कन्हैया, सहरसपाली से रामदेव यादव अपने घोड़े पवन, पटना से गोरख प्रसाद यादव अपने सुल्तान, दरामपुर बलिया से कैलाश राय अपने पवन, आरा से बब्लू यादव अपनी घोड़ी रानी को लेकर पहुंचे हैं।
प्रतियोगिता के आयोजनकर्ता नगर पालिका प्रशासन ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों को आमंत्रित किया है और शांतिपूर्ण तरीके से प्रतियोगिता देखने की अपील की है।