बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर फैमिली आईडी बनाए जाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। विकास खंड बेलहरी व बैरिया में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की। पंचायत सहायकों के विरुद्ध सख्ती का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनाएं जाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी खण्ड विकास अधिकारियों को प्रत्येक ब्लॉक में 10-10 और अन्नपूर्णा भवन बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष स्वयं सहायता समूह गठन की प्रगति की समीक्षा के दौरान विकास खंड रेवती एवं बेलहरी में समूह गठन में प्रगति न पाए जाने पर सुधार के लिए कहा।
जिला पंचायतराज अधिकारी ने कहा कि 25 ग्राम पंचायतों में भूमि की अनुपलब्धता के कारण पंचायत भवन नहीं बन सके। इसपर उप जिलाधिकारियाें भूमि चिह्नित कराने के लिए कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित ग्रामों में बड़ी नाव क्रय किए जाने की स्थिति की जानकारी ली। कहा कि 10 जुलाई तक नाव क्रय का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने एडीओ. (पंचायत) से कहा कि व्यक्तिगत शौचालय के अंतर्गत लंबित आवेदनों को शीघ्र निस्तारित कर दिया जाए।