बेल्थरारोड। शिक्षा क्षेत्र सीयर के विभिन्न प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शुक्रवार को बच्चों के बीच स्वेटर का वितरण हुआ जिससे बच्चों के चेहरे खिल गए। ठंड से बचाव के लिए खंड शिक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिंह के नेतृत्व में जूनियर हाई स्कूल सीयर में स्वेटर वितरण किया गया।
बीईओ ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय बेल्थरा बाजार, पिपरौली बड़ागांव, मामपुर महदेवा, टेकनपुरा, चौकिया, बिठुआ समेत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों पर छात्र-छात्राओं को वितरित करने के लिए स्वेटर भेज दिया गया है। इसका सत्यापन बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी संत कुमार ने किया। बीईओ ने जूनियर हाई स्कूल पर 110 छात्रों को स्वेटर वितरित किया। स्वेटर पाकर बच्चे प्रफुल्लित दिखे।
बीईओ ने कहा कि सरकार की इस योजना से बच्चे लाभांवित हो रहे हैं, जिससे बच्चों को ठंड से निजात मिलेगी। उन्होंने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर शमीम इकबाल सिद्दीकी, देवेंद्र वर्मा, राजीव कमाल पाशा, ज्ञानती देवी, नीलम सिंह, निर्मला देवी, पूनम, अजित सिंह, आलोक कुमार, संजय समेत सभी सहायक अध्यापक मौजूद रहे।