सुपर टैलेंट हंट में भाग लेने वाले प्रतिभागी।
- फोटो : ballia
प्रतिभा कभी किसी की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है तो सिर्फ उसे परखने की और मंच प्रदान करने की। नवोदित गायकों की प्रतिभा और सपने को साकार करने के उद्देश्य से अमर उजाला ने रविवार को सुपर टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें युवा प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली आवाज से सबको मंत्र मुग्ध कर दिया वहीं कॉमेडियन्स ने सबको खूब हंसाया।
नगर के सतनी सराय स्थित अपरिमिता साहित्यिक संस्थान में आयोजित अमर उजाला सुपर टैलेंट ऑडिशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गायक-गायिका पहुंचे। प्रतिभागियों में कुछ ऐसे भी थे, जिनके मन में गाने की इच्छा तो सालों से थी। लेकिन मंच नहीं मिल पाने से वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। रविवार को उन युवाओं को जब मंच और माइक मिला तो उन्होंने सुरों का जादू बिखेर दिया। निर्णायकों ने माना कि बागी जिले के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरी है इन्हें आगे करने की।
युवा कलाकाराें ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर निर्णायकों पर सोचने पर विवश कर दिया। ऑडिशन के दौरान जिन युवा कलाकारों के सुर लड़खड़ाए जजों ने उनका भी हौसला बढ़ाया और उन्हें गाने का मौका दिया। गायकों ने माना कि जिले में ऐसा मंच पहली बार मिला है। कहा कि अगले आयोजन में और बेहतर प्रस्तुति देंगे। निर्णायक मंडल में बंटी वर्मा, कन्हैया हरिपुरी तथा भोजपुरी लोकगीत गायिका सुनीता पाठक रहीं।