नवानगर (बलिया)। नगर के स्टेट बैंक मार्ग के समीप होली के लिए बाजार करने गई वृद्ध महिला को अचेत कर तीन महिलाओं ने उनके कान की बाली व गले का मंगलसूत्र निकालकर अचेतावस्था में छोड़कर भाग गई। पीड़िता के पति ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कस्बा निवासी पारसनाथ शर्मा की पत्नी लीलावती देवी (65) शुक्रवार की दोपहर में होली की खरीदारी करने के लिए बाजार में अकेले ही जा रही थी। ग्रामीण बैंक के पास से तीन महिलाएं उनका पीछा करने लगी तथा बात-बात में उन्होंने उन्हें कुछ सूंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद तीनों ने अचेतावस्था में उन्हें बैंक माल के नीचे खाली स्थान में ले जाकर उनके कान की बाली व गले का मंगलसूत्र निकाल लिया और फरार हो गई। होश में आने के बाद लीलावती देवी रोते बिलखते घर जाकर परिजनों को सारी बात बताईं। परिजनों ने तत्काल इधर-उधर खोजबीन करने का प्रयास किया। पता न लगने पर तहरीर दी। इस बाबत एसएचओ विपिन सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।