बलिया। परिषदीय स्कूल के विद्यार्थियों को महत्व बताकर उन्हें वेटलैंड मित्र बनाया जाएगा और संरक्षण से जोड़ा जाएगा। वेटलैंड-डे के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग के प्रदेश निदेशालय से इसके लिए आदेश जारी कर कार्यक्रम आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद में 2249 परिषदीय स्कूलों का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन हैं, जिसमें 2.42 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। वेटलैंड संरक्षण के लिए विद्यालयों में प्रतियोगिता कराकर छात्र-छात्राओं को वेटलैंड संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार दो फरवरी को वर्ल्ड वेटलैंड डे मनाया जाएगा। इसके तहत शिक्षा विभाग की तरफ से वेटलैंड संरक्षण अभियान चलाना है।
छात्र-छात्राओं को वेटलैंड्स मित्र बनाकर संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के बीच (भविष्य के लिए वेटलैंड की सुरक्षा) विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसी विषय पर नुक्कड़ नाटक कराया जाएगा।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि वेटलैंड डे पर विद्यार्थियों को इसका महत्व बताकर संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। पेंटिंग व नुक्कड़ नाटक आयोजन के निर्देश हैं और रैली भी निकाली जाएगी।