पुलिस लाइन में आयोजित एसपी संवाद कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएं।
अपराध पर नियंत्रण तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर अख्तियार करने वाले नवागत पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी शुक्रवार को नए अंदाज में नजर आए। स्कूली छात्राओं के बीच जाकर न सिर्फ शिक्षा का अलख जगाया बल्कि सुरक्षा और साइबर क्राइम के प्रति उन्हें जागरूक भी किया।
पुलिस लाइन के आरडी त्रिपाठी हाल में पहली बार किसी पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनके एक-एक प्रश्नों का उत्तर दिया। एसपी ने शिक्षा से लेकर सुरक्षा तक तथा साइबर क्राइम में फेसबुक, व्हाट्सएप और एटीएम कार्ड से होने वाले शापिंग जैसी घटनाओं के बारे में भी छात्राओं को बारीकियों से बताते हुए सावधान रहने की नसीहत दी।
छात्राओं में पढ़ाई के मुद्दे से अपनी बात शुरू करते हुए उन्होंने बताया कि 12-14 घंटा पढ़ने जरूरी नहीं है। ईमानदारी व निष्ठापूर्वक चार से पांच घंटा की पढ़ाई मुकाम हासिल करने के लिए काफी है। लक्ष्य से विचलित व्यक्ति मुकाम हासिल नहीं कर सकता। ऐसे बच्चे सिर्फ अभिभावक को धोखा देेते हैं। उन्होंने कहा कि 10+2 कैरियर का सबसे अहम पड़ाव होता है।
यही असली नींव होती है। इसे मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर बताया कि कहीं किसी प्रकार की आप लोगों को दिक्कत हो, तत्काल महिला हेल्पलाइन 1090 पर कॉल करें। इसके अलावा 100 नंबर या 1073 पर कॉल करें। कुछ ही देर बाद पुलिस के आपके पास होगी। इसके बाद अगर सुनवाई नहीं हो रही है तो मुझसे संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप निर्भीक व निडर होकर स्कूल या कोचिंग जाय। आपके कोचिंग या स्कूल के पास महिला पुलिस तथा सादे वेश में पुलिस फोर्स मौजूद रहेगी।