बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे ट्रैक के नीचे से गुजरे भूमिगत केबल को बदलने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज छात्र नेताओं ने सोमवार को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन मास्टर सुरेमनपुर टीएन यादव को डीआरएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि एक सप्ताह के भीतर रेलवे ने बिजली विभाग को रेलवे ट्रैक के नीचे से भूमिगत केबल बदलने की अनुमति नहीं दी तो रेलवे ट्रैक जाम कर ट्रेनों का आवागमन रोकने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र बैरिया ग्रामीण से रेलवे लाइन के उत्तर तरफ बसे 25 से अधिक गांवों की करीब दो लाख आबादी को बिजली की आपूर्ति होती है।
सुरेमनपुर रेलवे ट्रैक के नीचे से भूमिगत केबल के जरिये हाईटेंशन लाइन ले जाई गई है। आए दिन केबल जलने से इन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। भीषण उमस और गर्मी में बिजली कटौती से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि रेलवे से तत्काल अनुमति प्राप्त कर भूमिगत केबल बदली जाए, अन्यथा उपकेंद्रों के साथ अभियंता कार्यालय में भी तालाबंदी की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में राहुल प्रसाद, अंकित यादव, सोनू गौतम, जितेंद्र यादव, अरविंद, अंगद तिवारी, मनीष, विशाल गुप्ता, राजेश, ओम और अंशु आदि शामिल रहे।