क्षेत्र के कमलादेवी बाजोरिया डिग्री कालेज दुबहर में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। प्रत्याशी गाजे-बाजे संग नामांकन करने के लिए पहुंचे।
इस बीच समर्थकों की भीड़ अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में काफी उत्साह एवं जोश-खरोस के साथ नारे लगा रही थी।
डिग्री कालेज के नामित चुनाव अधिकारी हृषिकेश नारायण सिंह ने बताया कि कालेज में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री, कला संकाय प्रतिनिधि का चुनाव होना है।
अध्यक्ष पद के लिए आकाश दूबे एवं अमित सिंह। उपाध्यक्ष के लिए निखिल यादव एवं धनंजय वर्मा, महामंत्री पद के लिए विक्की गुप्त एवं अजीत कुमार ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
पुस्तकालय मंत्री के लिए केवल नीतेश श्रीवास्तव के ही नामांकन करने से उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए एक भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया।
नामांकन के अवसर पर प्राचार्य दिग्विजय सिंह, रामनरेश गुप्त, संतोष यादव आदि उपस्थित रहे। सुरक्षा के मद्देनजर एसडीएम सदर रामनुज सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर केशवचंद्र सिंह, दुबहर थानाध्यक्ष ओपी श्रीवास्तव, हल्दी थानाध्यक्ष संजीव कुमार दूबे, चांद दियर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक रामअवधेश राय, डीपी उपाध्याय, विनोद कुमार सिंह, पीएसी के प्लाटून कमांडर राकेश कुमार सिंह अपने हमराहियों के साथ मुस्तैद थे।
इस मौके पर फायरब्रिगेड की टीम भी दमकल के साथ मौजूद रही। कमलादेवी बाजोरिया डिग्री कालेज में हुए नामांकन के बाद शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच तथा रविवार को नाम वापसी एवं 17जनवरी को छात्र संघ का चुनाव संपन्न होगा।