छात्र संघर्ष समिति के आह्वान पर जिले में राशन राशन कार्डों के सत्यापन में धांधली का आरोप लगाते हुए बुधवार को सभी ब्लाकों पर छात्रनेताओं की ओर से प्रदर्शन कर बीडीओ को ज्ञापन दिया गया। छात्रनेताओं ने सत्यापन में मनमानी करने व पात्रों को सुविधा से वंचित करने का आरोप लगाया।
भरौली संवाददाता के अनुसार सोहांव ब्लाक पर बुधवार को टीडी कॉलेज छात्रसंघ के अध्यक्ष सौरभ सिंह रानू व गड़हा विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रमणि राय की अगुवाई में छात्रनेताओं ने प्रदर्शन किया और बीडीओ डा. केएन उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। छात्रनेताओं ने कहा कि किसी भी गांव में राशन कार्ड सत्यापन के लिए कोई टीम नहीं पहुंची और मनमानी तरीके से कार्डधारकों के नाम सूची से गायब कर दिए गए हैं। कहा कि राशन कार्ड का सत्यापन बैठकर ही किया गया है।
इसके चलते पात्र अभी भी सुविधा से वंचित हैं और अपात्रों को लाभ दिया जा रहा है। छात्रनेताओं ने चेताया कि 19 जून तक पात्र व्यक्तिओं को राशन कार्ड उपलब्ध नहीं कराया जाता है कि तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर रोहित सिंह, प्रशांत राय, दुर्गेश, आलोक, देवेन्द्र, चितरंजन, अंकित, अतुल, सुमित सिंह, प्रियव्रत सिंह झन्नू आदि थे।
बेरुआरबारी संवाददाता के अनुसार बेरुआरबारी ब्लाक पर छात्रनेता विनीत सिंह व मंटू शर्मा के नेतृत्व में छात्रनेताओं ने बीडीओ को पत्रक सौंपा। छात्रनेताओं ने कहा कि जिले में राशन कार्ड सत्यापन में बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। किसी भी गांव में सत्यापन के लिए टीम नहीं गई और मनमानी रिपोर्ट शासन को भेज दी। कहा कि पात्रों को राशन कार्ड नहीं दिया गया तो 19 जून से आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर शैलेन्द्र सिंह, आदित्य यादव, नितेश कुमार, दिनेश साहनी, आशीष पाण्डेय, सामू राजभर, अभिषेक सिंह जैकी, शिबू खां आदि थे।
छात्र संघर्ष समिति ने निर्णय लिया कि बुधवार को पहले चरण का आंदोलन रहा और इसके बाद 19 जून को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। समिति के जिला संयोजक मानवेन्द्र विक्रम सिंह ने राशन कार्ड सत्यापन में धांधली व लापरवाही की जांच कर कार्रवाई की मांग की।