रामगढ़(बलिया)। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बुधवार को दुबेछपरा बंधा निर्माण व कटानरोधी कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की रफ्तार तेज करने के साथ ही 30 जून तक पूरा कर लेने का निर्देश दिया। समय को देखते हुए बंधा निर्माण, मरम्मत व पिचिंग का काम साथ-साथ कराने को कहा।
डीएम बुधवार को पचरूखिया, हुकुमछपरा व गंगापुर नई बस्ती डेंजर जोन को देखने के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि इसी बीच बारिश शुरु हो गई लेकिन इसके बावजूद वह छाता के सहारे घाट तक गए। इसके बाद एक्सईएन बाढ़ को निर्देश दिया कि जरूरत के हिसाब से कार्य ऐसा कराएं कि कटान रोकी जा सके। कहा कि एनएच के अधिकारियों से सम्पर्क कर देख लें कि कटान से मुख्य सड़क प्रभावित नहीं होनी चाहिए और जरूरत के हिसाब से पिचिंग कार्य करा लें। अन्य विभाग के इंजीनियरों को साथ लेकर जिलाधिकारी दुबेछपरा रिंग बंधे पर हो रहे कार्य को भी देखा। निर्देश दिया कि बंधा पर कार्य व नदी किनारे पिचिंग आदि का कार्य साथ-साथ हो, ताकि समय रहते कटान पर काबू पाया जा सके। उन्होंनेे कार्य को तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि जितना सम्भव हो सके, लेबर बढ़ाएं। ठेकेदारों से भी बातचीत कर गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखने को कहा।
---------------
सहायक अभियंता कार्यस्थल पर करें कैंप
रामगढ़। दुबेछपरा रिंग बंधा पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देश दिया कि इस महत्वपूर्ण व संवेदनशील प्रोजेक्ट पर सहायक अभियंता हमेशा मौजूद रहकर कार्य पर नजर रखेंगे। यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्य में तेजी व गुणवत्ता बनी रहे। सचेत किया कि अगली बार निरीक्षण में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।
---------------
प्रधान व ग्रामीण भी रखें कार्य पर नजर
रामगढ़। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर कार्य की गुणवत्ता के बावत जानकारी ली। ग्रामीणों ने कार्य पर संतोष भी जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो सीधे उन्हें बताएं। तहसीलदार, सीओ व प्रधान से कहा कि पहले से ही सुरक्षित जगह चिह्नित कर वहां पेयजल, प्रकाश आदि की व्यवस्था तैयार रखें ताकि आकस्मिक स्थिति में वहां बाढ़ पीड़ितों को रखा जा सके।
---------------
केहरपुर के लिए इमरजेंसी प्रोजेक्ट बनाने का दिया निर्देश
रामगढ़। कटानरोधी कार्यों के निरीक्षण के दौरान केहरपुर गांव के ग्रामीणों ने डीएम का घेराव किया। ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि साहब हमनीयों के बचावे खातिर कुछ करीं। ग्रामीणों ने पूरी स्थिति से डीएम को अवगत कराया। इसके बाद डीएम ने केहरपुर में कटान को रोकने के लिए इमरजेंसी प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाढ़ विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार राय को निर्देश दिया कि जरुरत हो तो आकस्मिक निधि से कार्य कराएं।
---------------
बैरिया तहसील व थाने का लिया जायजा
बैरिया। जिलाधिकारी ने बैरिया क्षेत्र में भ्रमण के दौरान बैरिया तहसील व थाना का भी निरीक्षण किया। तहसील पर अभिलेखों व वसूली से सम्बन्धित सही जानकारी नहीं होने पर तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान को फटकार लगाई। सचेत किया कि वसूली की प्रगति बढ़ाने के साथ ही धनराशि का सदुपयोग कर तहसील की व्यवस्था में सुधार लाएं। वायरिंग, पानी की व्यवस्था, भवन की रंगाई-पुताई, इंटरनेट व अन्य जरुरी चीजों को हमेशा बेहतर रखने का निर्देश दिया। अभिलेखागार आदि में जाकर अभिलेखों के रखरखाव को देखा। नीचे जमीन पर रखें अभिलेख देख डीएम ने नाराजगी जताई। इसके बाद थाने पर पहुंचे डीएम ने साफ-सफाई आदि का जायजा लिया। थानाध्यक्ष से कहा कि थाने में किसी प्रकार की आवश्यकता हो तो बताएं। एसओ की मांग पर थाने में बाउंड्री निर्माण व पानी की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।