जिला अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।संवाद
जिले में पिछले 12 दिनों से चल रही संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को खत्म हो गई।
शासन से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला लिया। हड़ताल खत्म होने के पहले दिन शनिवार को जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के साथ 10 सीएचसी 40 पीएचसी पर असर दिखा।
ओपीडी में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ, वहीं जांच के लिए भटक रहे मरीजों को भी राहत मिली। जिला अस्पताल में हड़ताल के दौरान ओपीडी 500 से 600 तक सिमट गई थी, जो शनिवार को बढ़कर 800 के पार पहुंच गई। पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर के कमरों तक लंबी लाइनें लगी रहीं। दवा काउंटर पर भी भीड़ रही।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. धनज्जय कुमार ने बताया कि सभी संविदा फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और स्टाफ नर्स ड्यूटी पर लौट आए हैं। बता दें कि मानदेय बढ़ोतरी, नियमितीकरण और सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर थे। इससे स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई थीं। एनएचएम कर्मचारी संगठन मऊ के जिलाध्यक्ष डॉ. शैलजाकांत पांडेय ने बताया कि सामान कार्य समान वेतन, नियमितिकरण की मांगों को लेकर जिले के 1100 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी बीते 12 दिन प्रदर्शन कर रहे थे।
इससे सबसे ज्यादा दिक्कत दवा वितरण, ब्लड जांच, एक्सरे और ओपीडी पर्चा बनाने में हो रही थी। कई जगह नियमित डॉक्टरों और फार्मासिस्ट को 12-12 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही थी।