रसड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र के अठिलापुर गांव में शुक्रवार की रात छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन के सहयोगी बबलू सिंह के घर में घुस चोरों ने पूरे परिवार को दो कमरे में बंद कर तीन बक्से, एक बैग तथा लाखों के जेवरात सहित 35 हजार नकदी ले भागे। पुलिस मौका मुआयना करने के बाद छानबीन में जुट गई।
अठिलापुर गांव निवासी बब्लू सिंह के घर शुक्रवार की रात चोर छत के सहारे घर में उतरे। उसके बाद चोरों ने दो कमरे में सो रहे परिवार के लोगों को बाहर से बंदकर दिया। फिर इत्मीनान से एक कमरे में रखे तीन बक्से, एक बैग और 35 हजार नकद सहित गहने ले उड़े।
भोर में करीब तीन बजे बबलू सिंह की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। उसके बाद बब्लू परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज दी। काफी देर तक कोई आवाज न सुनकर बब्लू के पुत्र मोहित ने किसी प्रकार दरवाजा खोला और पूरा परिवार बाहर आया। तब तक चोर अन्य कमरों के सामान ंसमेट का भाग चुके थे।
पड़ोसियों के साथ तीन बजे भोर में ही बाइक से चोरों की तलाश में जुट गए। लेकिन चोरों का कहीं अता-पता नहीं चला। सुबह करीब चार बजे घर से करीब एक किमी दूर कब्रिस्तान के पास एक बगीचे में बक्सा और बैग टूटे हाल में मिला। बक्से और अटैची से सभी सामान गायब रहा। टूटे बक्से से एक मोबाइल मिली है। जिसका चोरों के होने का अंदेशा जताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।