सहतवार में पथराव से टूटा पुलिस की गाड़ी का शीशा।
- फोटो : BALLIA
सहतवार/केवरा। सहतवार में बृहस्पतिवार की शाम अवैध शराब के अड्डे पर छापा मारने गई पुलिस ने 19 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवक को छुड़ाने के लिए शराब के अवैध धंधे से जुड़े लोगोें ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ सिपाहियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और धर-पकड़ शुरू की।
सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की शाम सहतवार के वार्ड नंबर एक में देशी शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास 19 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। युवक को पकड़े जाने के बाद अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया जिससे वहां भगदड़ मच गई। पथराव से पुलिस की गाड़ी का शीशा टूट गया। हेरोइन के साथ पकड़े गए युवक ने पुलिस को अपना नाम साहिल पासवान पुत्र हिच्छल पासवान निवासी वार्ड संख्या एक सहतवार बताया। पुलिस ने युवक का चालान कर दिया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बांसडीह दीपचंद्र ने बताया कि पथराव में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है बल्कि पुलिस की गाड़ी का शीशा टूटा है। कहा कि किसी भी सूरत में अवैध दारू बेचने नहीं दिया जाएगा।