इंदरपुर। नगरा विकासखंड में वित्तीय वर्ष 2026-27 में तीन ग्राम पंचायतों में करीब 74 लाख रुपये से अत्याधुनिक अंत्येष्टि स्थल बनाए जाएंगे। वहीं, ग्राम पंचायत देवरिया में 25 लाख रुपये की लागत से नया बहुउद्देश्यीय पंचायत भवन बनेगा। चारों निर्माण कार्यों को जनपद स्तर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। बजट की धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिसवारकला, छितौना और निकासी में अब तक व्यवस्थित अंत्येष्टि स्थल नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी। खुले में दाह संस्कार करने के दौरान भी कई तरह की समस्याएं आती थीं।
अब प्रत्येक गांव में 24.52 लाख रुपये की लागत से पक्के शेड, चबूतरा, पानी और बैठने की सुविधा से युक्त अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। तीनों परियोजनाओं पर कुल 73.56 लाख रुपये खर्च होंगे।
नगरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवरिया को भी बड़ी सौगात मिली है। यहां करीब एक साल से ध्वस्त पड़े पंचायत भवन की जगह अब 25 लाख रुपये की लागत से नया बहुउद्देश्यीय पंचायत भवन बनाया जाएगा। जर्जर होने के कारण पुराने भवन को करीब एक साल पहले ध्वस्त करा दिया गया था। इसके बाद से ग्राम पंचायत का कंप्यूटर सिस्टम और सरकारी कामकाज एक ग्रामीण के निजी मकान से संचालित किया जा रहा था। नए भवन के निर्माण से पंचायत के कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
एडीओ पंचायत प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जनपद स्तर से सिसवारकला, छितौना और निकासी में अंत्येष्टि स्थल तथा देवरिया में नए पंचायत भवन के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है।