प्रदेश सरकार की नीतियां जन विरोधी बांसडीह। प्रदेश की योगी सरकार भय, भूख और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर जनता को बहकाने में लगी हुई है। संकट की इस घड़ी में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ चुकी हैं और प्रदेश सरकार की नीतियां जन विरोधी हैं। सरकारी नौकरियों में संविदा की व्यवस्था, कोरोना काल में भ्रष्टाचार के रोज नए मामले बताते हैं कि योगी सरकार हर मोर्चे पर फेल है।
यह बातें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रवक्ता सुनील सिंह ने रविवार को क्षेत्र में भ्रमण के दौरान कही। कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ लगातार आवाज उठती आई है और उठती रहेगी। बूथ स्तर तक के संगठन पर पार्टी कार्य कर रही है। आगामी पंचायत चुनावों में जनता आने वाले विधानसभा चुनावों की झलक प्रदेश सरकार को दिखाएगी। इस मौके पर पुनीत पाठक, सुग्रीव राजभर, लक्ष्मी साहनी, वशिष्ठ यादव, उमापति राजभर, सुनील राजभर, माईकल राजभर, बालाजी गुप्ता आदि रहे।