सलेमपुर गांव में महिला का शव रखकर दरोगा को निलंबित करने व दोषियों के ऊपर हत्या का मुकदमे की मांग क?
- फोटो : BALLIA
बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में आठ फरवरी को झुलसी महिला की मौत के बाद मामला तूल पकड़ा लिया है। मौत के बाद पुलिस ने आनन फानन में ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं मृतका के परिजनों ने बांसडीहरोड में तैनात एसआई यशवंत सिंह के निलंबन एवं ग्राम प्रधान समेत सभी आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर दरवाजे पर शव को रख दिया।
इस मामले में लापरवाही के आरोपी में एसपी ने शुक्रवार की रात ही एसआई को लाइन हाजिर कर उसके विरुद्घ जांच बैठा दिया। उधर, सूचना पर पहुंचे हल्दी थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने एएसपी से पीड़ित की वार्ता कराकर शव का अंतिम संस्कार करवाया। मालूम हो कि शुक्रवार की देर रात महिला का शव जैसे ही सलेमपुर गांव पहुंचा। वैैसे ही कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। शनिवार की सुबह शव गांव में रखकर मामले में लिप्त दारोगा को निलंबित एवं ग्राम प्रधान समेत सभी आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने को लेकर परिजन मांग करने लगे। यह देख हल्दी थाना प्रभारी ने अपर पुलिस अधीक्षक से वार्ता कराया। एएसपी द्वारा बताया गया कि एसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके बाद परिजन करीब 12 घंटे बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए महाबीर गंगा घाट ले गए। शव यात्रा के दौरान भारी संख्या में पुलिस मौजूद रही। गंगा घाट पर मृतका के पति दिनेश यादव द्वारा मुखाग्नि देने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। मृतका के पति दिनेश कुमार यादव की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस पहले ही मुकदमा दर्ज कर चुकी है।