कस्बा स्थित शिव मंदिर के पास मंगलवार की रात ससुराल गए एक युवक की रहस्यमय हाल में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद ससुरालीजनों ने 100 नंबर पर डायल कर इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतक युवक के पिता ओमप्रकाश सिंह की तहरीर पर चार लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
मनियर थाना क्षेत्र के छितौनी निवासी ओमप्रकाश सिंह ने अपने बेटे कृष्णा सिंह (35) की शादी सुखपुरा निवासी विभूति नारायण सिंह की बेटी अंकिता से आठ जून 2015 को की थी। शादी में अंकिता के घरवाले शामिल नहीं हुए थे। शादी के बाद अंकिता का रिश्ता घरवालों से खत्म हो गया था।
मंगलवार को अंकिता ने पति द्वारा प्रताड़ित करने की सूचना अपनी बड़ी बहन को दी। बड़ी बहन ने इसकी सूचना माता-पिता को दी। इसके बाद घरवाले शहर कोतवाली क्षेत्र के मिड्ढी मुहल्ले में रह रही बेटी के यहां पहुंचे, जहां से बेटी को साथ लेकर सुखपुरा आ गए।
मंगलवार की शाम अंकिता के देवर रमेश सिंह और ननद उसे लेने के लिए सुखपुरा पहुंचे, जहां काफी बहस के बाद अंकिता ससुराल जाने से मना कर दी। इसके बाद भाई और बहन घर वापस चले गए। रात करीब 12 बजे अंकिता का पति कृष्णा सिंह ससुराल पहुंचा और दरवाजा खटखटाने लगा। घरवालों की माने तो खिड़की से जब हम लोगों ने उसे देखा तो वह हाथ में कट्टा लेकर चिल्ला रहा था।
भयग्रस्त होने के कारण जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने आक्रोशित होकर स्वयं को गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
मृत युवक के पिता ओमप्रकाश सिंह ने सास-ससुर, बहू तथा ससुर के मामा के लड़के के विरूद्ध नामजद तहरीर दी है। तहरीर के बाद पुलिस ने धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इस बाबत सीओ सिटी कृष्ण चंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला पाया जा रहा है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। इस दौरान दो को गिरफ्तार कर उनसे गहन पूछताछ भी की गई है।