स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला तैयारियों में जुटा रहा। प्रशासनिक अधिकारी जहां प्रभातफेरी व कार्यक्रमों को लेकर व्यस्त रहे वहीं पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर। स्कूलों में बच्चे प्रभातफेरी समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम का अभ्यास करते रहे।
सीओ नगर सुरेशचंद्र रावत के नेतृत्व में शहर कोतवाल संदीप कुमार सिंह, चौकी प्रभारी ओक्डेनगंज सत्येंद्र राय एवं जीआरपी थानाध्यक्ष बैजनाथ सिंह के साथ ही स्थानीय अधिसूचना इकाई के सदस्यों की टीम माडल रेलवे स्टेशन पर करीब दो बजे पहुंची। टीम के सदस्यों ने खोजी कुत्तों की मदद से एक-एक सामान की सघनतापूर्वक जांच की।
कई जगहों पर संदिग्ध दिखने वाले लेागों से भी उनके आने-जाने के बारे में पूछताछ की गई। वहीं टीम के सदस्यों ने स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से लेकर तीन तक एक-एक वस्तुओं की बारीकी जांच की।
इस दौरान प्लेटफार्म पर बने पार्सल घर के सामानों को भी चेक किया गया। स्टेशन पर पहुंची पवन एक्सप्रेस में भी डाग स्क्वायड टीम के सदस्यों ने कड़ी तलाशी ली। पुलिस की जांच से रेलवे स्टेशन परिसर में खलबली मची रही।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के रूप में मनाए जाने वाला आजादी के पर्व की पूर्व
संध्या पर नगर स्थित दूकानों में तिरंगा झंडा, पट्टा, बैच एवं अन्य
राष्ट्रीय प्रतीकों की दूकानों में खूब बिक्री रही। बच्चों ने अभिभावकों के
साथ दूकान पर जाकर तिरंगा, बैच और पट्टा आदि की खरीद्दारी की। चित्तू
पांडेय स्थित कोहिनूर स्टोर पर भी देर शाम तक तिरंगा आदि सामानों की
खरीदारी होती रही।