चोट के निशान देख रोकी अंत्येष्टि, आश्वासन पर माने
एसएसबी जवान का शव अंत्येष्टि के लिए पचरुखिया गंगा घाट पहुंचा। विधि-विधान करने के दौरान परिजनों ने देखा की शरीर पर चोट के निशान है। इससे परिजन आक्रोशित हो गए और शव को अंत्येष्टि करने से मना कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष हल्दी राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले शहीद जवान के परिजनों से बातचीत की। समाधान करने के लिए एसएसबी बटालियन के कमांडेंट से बात की।
कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट हमारे व्हाट्सएप पर भेजें ताकि परिजनों को संतुष्ट किया जा सके। हालांकि कुछ देर बाद डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से तीन दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलनी है। हालांकि कमांडेंट ने आश्वासन दिया कि जवान के परिवार से एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। तीन दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को उपलब्ध करा दी जाएगी। कमांडेंट के आश्वासन मिलने पर राजकीय सम्मान के साथ शहीद के शव की अंत्येष्टि की गई।