बलिया। जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने नवानगर आईटीआई का निरीक्षण किया। बताया गया कि वहां कुल छह कर्मी कार्यरत हैं, पर मात्र दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही उपस्थित मिले। अधिकांश कमरों का ताला बंद था। किसी जिम्मेदार के न होने से भवन निर्माण की स्थिति, उपस्थिति रजिस्टर आदि की जांच नहीं हो सकी।
जिलाधिकारी ने सभी गायब कर्मचारियों को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान बन कर तैयार हुए नए भवन के बारे में जानकारी ली तो वहां मौजूद समाज कल्याण निर्माण निगम के अभियंता ने बताया कि 2018 में ही हैंडओवर हो चुका है। जिलाधिकारी ने एसडीएम अन्नपूर्णा गर्ग को निर्देश दिया कि यहां के मूवमेंट आदि के बारे में देख लें। कहा कि इस आईटीआई का विस्तृत निरीक्षण कर रिपोर्ट दें, ताकि यहां की व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।