बलिया। पुलिस चौकी कोरंटाडीह के सिपाहियों की शिकायत चौकी प्रभारी से करना एक युवक को भारी पड़ गया। मौका मिलते ही पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और रात भर चौकी में रखने के बाद सुबह शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया जबकि युवक के यहां चचेरी बहन की शादी के लिए बारात आई थी।
नरही थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी दीपक चौधरी पुत्र दरोगा चौधरी ने कुछ माह पहले गांव के पास से गंगा नदी के रास्ते शराब की तस्करी की शिकायत चौकी प्रभारी से की थी। युवक ने चौकी के दो पुलिसकर्मियों की शिकायत भी की थी। इसको लेकर दोनों पुलिसकर्मी दीपक से खार खाए थे और मौके की तलाश में थे। सोमवार की शाम दीपक के चचेरी बहन की शादी थी। पड़ोसी दो युवक दीपक की बाइक लेकर शराब लेने के लिए सरयां स्थित सरकारी शराब की दुकान पर आए थे। दुकान के पास कीचड़ होने के कारण बाइक को युवकों ने सड़क किनारे खड़ी कर दी और जब वापस आए तो बाइक गायब थी। आसपास पूछने पर पता चला कि गाड़ी चौकी के सिपाही ले गये हैं। जब दोनों चौकी पर आए तो सिपाहियों ने कहा कि जिसकी गाड़ी है उसको भेजो। दोनों युवकों ने फोन कर दीपक को बुलाया तो दो पुलिसकर्मी उसकी पिटाई करने लगे। पुलिसकर्मियों ने कहा कि तुम ही शराब बेचवाते हो और दीपक को बैठा लिया। दीपक बार बार कहता रहा कि उसकी बहन की शादी है, उसे जाने दिया जाए लेकिन पुलिस ने उसे नहीं जाने दिया और सुबह शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।