नगरा। सिकंदरपुर मार्ग के डेकवारी मोड़ पर दुकानदार द्वारा सिगरेट का पैसा मांगने पर चार मनबढ़ युवकों ने बुरी तरह पिटाई कर दी। पीडि़त कारोबारी ने घटना के दिन ही थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने पांच दिन बाद मुकदमा पंजीकृत किया है। घटना के बाद पुलिस घायल को पीएचसी नगरा ले गई, चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डाक्टरों ने स्थिति गंभीर देख बीएचयू रेफर किया है।
नगरा-सिकंदरपुर मार्ग के डेकवारी मोड़ पर डुमाडाड गांव निवासी शिवसागर की पान की दुकान है। 29 सितंबर को दो बाइक पर सवार चार युवक आए और दुकानदार से सिगरेट मांगा। दुकानदार ने सिगरेट देने के बाद पैसे मांगे तो युवकों ने पिटाई कर दुकानदार को गंभीर से जख्मी कर दिया। दुकानदार की पिटाई के बाद भाग रहे युवकों में एक युवक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिया। तीन युवक भागने में सफल हो गए। पकड़े गए युवक का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। वहीं, दुकानदार शिवसागर यादव की तहरीर पर पांच दिन बाद स्वामीनाथ चौहान निवासी कामपुर पकड़ी, अभिषेक यादव अभयीपुर गड़वार, धीरज चौहान कामपुर पकड़ी और मंटू यादव बहादुरपुरकारी गड़वार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। दुकानदार की आंख और कलाई में गंभीर चोट लगी है। साधारण धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने पर दुकानदार के परिजनों में आक्रोश है।