पेपर लीक मामले में फर्जी तरीके से गिरफ्तार तीन पत्रकारों की रिहाई के लिए संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा के बैनर तले डीएम कार्यालय परिसर में चल रहा पत्रकारों का क्रमिक अनशन बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन पर पहुंचे उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ एवं डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन क्रमश: महामंत्री व जिलाध्यक्ष ने पत्रकारों की लड़ाई में समर्थन देने की घोषणा की।
उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ बलिया के महामंत्री राजेश रावत ने कहा कि बलिया के डीएम ने अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए सच उजागर करने वाले निर्दोष पत्रकारों को जेल भेज दिया। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मलय कुमार पांडेय ने कहा कि पहले नौजवान, व्यापारी, किसान, आमजन की आवाज को दबाया जाता था, लेकिन अब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को दबाया जा रहा है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सिकंदरपुर तहसील पत्रकार संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि तीनों निर्दोष पत्रकार साथियों की रिहाई तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। हम डीएम और एसपी को विदाई करके ही दम लेंगे।
ग्रापए के जिलाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा ने कहा कि लड़ाई लंबी लड़नी है। हम सभी को धैर्य रखना होगा और एकजुट रह कर लड़ाई को अंतिम मुकाम तक पहुंचाना है। अधिवक्ता वरुण पांडेय और अखिलेंद्र चौबे ने कहा कि शासन-प्रशासन की गहरी निंद्रा को तोड़ने के लिए अधिवक्तागण पत्रकारों के साथ हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार, व्यापारी, अधिवक्ता और अन्य संगठनों के लोग मौजूद थे। संचालन श्रवण कुमार पांडेय ने किया।
छात्रों ने डीएम और एसपी का फूंका पुतला
निर्दोष पत्रकारों को रिहा करने की मांग को लेकर छात्रों ने बृहस्पतिवार की देर शाम कुंवर सिंह महाविद्यालय के छात्रनेता आशीष मिश्रा के नेतृत्व में रतसर गांधी आश्रम चौराहे पर डीएम और एसपी का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक भी हुई।
छात्रनेताओं ने कहा कि बोर्ड की इंटर के अंग्रेजी पेपर लीक मामले में तीन पत्रकारों अजीत ओझा, दिग्विजय सिंह एवं मनोज गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने इनके विरुद्ध दुर्भावनावश कार्रवाई की है। पेपर लीक मामले का खुलासा कर इन पत्रकारों ने अपने पत्रकारिता धर्म का पालन किया है।
वक्ताओं ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित कराएं, ताकि दोषी बचने न पाए और कोई निर्दोष फंसने न पाए । इस मौके पर छात्रनेता अशोक बाबू यादव, संतोष यादव सन्नी, रामप्रताप सिंह, राजा बाबू, नीरज यादव, राजेश, गोलू, सुनील आदि रहे।