शादी के लिए बैंक से ढाई लाख रुपये निकालने के लिए रिजर्व बैंक ने सात शर्तें लगाईं हैं। इसके मद्देनजर शादी वाले घरों की मुश्किलें बढ़नी तय है। रिजर्व बैंक की गाइड लाइन मंगलवार को बैंकों में पहुंच गई, जिसे पूरा करते हुए आवेदन करने वाले लोगों को बैंक से ढाई लाख रुपये मिलने शुरू हो जाएंगे। बैंक पहुंचे ग्राहकों के बीच इस बात की चर्चा थी कि रिजर्व बैंक की शर्तों को पूरा करने में काफी मशक्कत करनी होगी।
शादी की तैयारियों के मद्देनजर खर्च के लिए अपने एकाउंट से पैसा निकालने के लिए लोग लगातार बैंकों का चक्कर लगा रहे हैं, जहां उन्हें बैंकों की तरफ से एक ही जवाब मिल रहा था कि रिजर्व बैंक का कोई गाइड लाइन नहीं आई। इसलिए एकमुश्त ढाई लाख कैश नहीं निकाल सकते।
मनियर गांव निवासी विजय तिवारी, बलिया नगर निवासी रविंद्र कुमार, राजेश सिंह, रतसर निवासी गोपाल शर्मा इत्यादि लाइन में लगे लोग जब मंगलवार को शादी का कार्ड लेकर रुपये निकालने बैंक गए तो उन्हें पता चला कि रिजर्व बैंक की तरफ से शर्तों की गाइड लाइन आ गई है। लेकिन जब उन्हें रिजर्व बैंक की शर्तों के बारे में जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए।
एलडीएम रंजीत सिंह ने बताया कि रिजर्व बैंक ने जो शर्तें बताई हैं, उसके मुताबिक ऐसे खाताधारक जिनके एकाउंट में आठ नवंबर तक की राशि जमा हो, उसी राशि के आधार पर पैसा निकाल सकता है। खाताधारक का बैंक में केवाईसी कंपलीट हो। ऐसे लोग ही बैंक से रुपये मिलेंगे, जिनके घर में शादी 30 दिसंबर के पहले हो। इसके अलावा आवेदन करने के दौरान ग्राहक को एडवांस खर्च का व्यौरा और बिल, शादी कार्ड, किस मद में कितना खर्च करना है, उसका ब्यौरा घोषणा पत्र के साथ संलग्र करना होगा। सभी प्रपत्र पूरा करने के बाद ग्राहक शादी के लिए बैंक से ढाई लाख रुपये निकाल सकता है।