बलिया। जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत अब जिले के लोग घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से स्वयं जनगणना कर सकेंगे। यह विशेष स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने शुक्रवार को आपदा हाल में प्रेसवार्ता में अधिक से अधिक
संख्या में भागीदारी करने की अपील की है।कहा कि लोग अपने घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं अपनी गणना कर सकेंगे। उन्होंने इसका डेमो भी दिखाया और स्वगणना कराने की जानकारी साझा की। कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है, जिससे आमजन आसानी से इसमें भाग ले सकें। दोबारा पूरी जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अपने परिवार, पड़ोसियों व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। बताया कि परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद हिंदी, अंग्रेजी समेत 16 भाषाओं में से किसी एक भाषा का चयन करना होगा।