शिक्षको को संबोधित करते पूर्व एमएलसी प्रमोद मिश्रा।
- फोटो : ballia
विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों नें गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक डा. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ संगठन के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में हमेशा समस्याओं को सरकार के समक्ष या विधान परिषद में उठाता रहता है। चाहे वह शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली की बात हो या तदर्थ शिक्षकों के नियमितीकरण का मामला हो, इन सभी समस्याओं के प्रति सरकार की संवेदनहीनता प्रदर्शित होती है।
संघ के जनपद इकाई के संयोजक अक्षय कुमार राय ने कहा कि समस्याओं को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। रामानुज सिंह ने कहा कि लोगों की महत्वाकांक्षा संगठन पर भी भारी पड़ रही है जो शिक्षकों को मुख्यधारा से विचलित करने का काम कर रही है। संघ के गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सौरभ कुमार पांडेय ने संघर्ष की स्थिति में सहयोग करने के लिए आश्वस्त किया। अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पेंशन योजना का लाभ संघर्ष के बल पर टिका है। उन्होंने 11 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित आंदोलन में शिक्षकों के सहभागिता की अपील की।
बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मेरा परिवार है और इसको सुरक्षित रखना मेरा दायित्व है लिहाजा इसके निर्वहन से पीछे नहीं हटूंगा। विष्णु देव राय ने कहा कि विधायक के माध्यम से शिक्षकों की समस्याएं सरकार तक पहुंचेगी और उसका समाधान भी होगा। संघ ने जिलाधिकारी को पत्रक भी सौंपा। इस मौके पर शशि कुमार सिंह, राजेंद्र राय, अभय नारायण सिंह, केके पांडेय, वीर बहादुर सिंह, यादवेंद्र कुमार उपाध्याय आदि रहे।