शहर में लगातार हो रही अघोषित कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शहरवासी उपकेंद्र पर पहुंचे। वहां फीडर खराब होने की बात पर जमकर हंगामा किया और कई फीडर को बंद करा दिया। इस दौरान लोगों के तेवर देख उपकेंद्र पर तैनात बिजली कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। उधर, हंगामे की खबर पर शहर कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तब जाकर दो घंटे बाद आपूर्ति शुरू हो सकी।
शहर में विगत एक पखवारे से हो रही अंधाधुंध कटौती से नगरवासी परेशान थे। शासन के फरमान के मुताबिक, शहर की बिजली आपूर्ति के लिए 24 घंटे लाइन मिलने के बाद भी अघोषित कटौती से लोगों में नाराजगी थी। बुधवार को पूरे दिन की गई कटौती के बाद भी रात में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
नाराज विजयीपुर मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने बुधवार की रात जमकर हंगामा किया। रात10.30 बजे के बाद सिविल लाइन विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे नाराज लोगों ने सभी फीडरों की आपूर्ति बंद करवा दी। जिससे नगर के अधिकांश मोहल्लों में अंधेरा हो गया। सूचना के बाद भी विभागीय अधिकारी मौके पर नही पहुंचे। इससे लोग और भड़क गए। उनका गुस्सा देख विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी भाग खड़े हुए ।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल शशिमौलि पाण्डेय ने एक खराब फीडर को छोड़ बाकी सभी फीडरों को तत्काल चालू कराया। पुलिस पहुंची तो विभागीय कर्मचारी और अधिकारी भी पहुंचने लगे। शहर कोतवाल के कहने के बाद भी गड़वार रोड तथा औद्योगिक फीडर को विभागीय उदासीनता के चलते करीब एक घंटे तक बाधित रखा गया। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी कि यदि अभ्ाी भी कटौती के प्रति महकमा नहीं चेता तो उग्र आंदोलन से पीछे नहीं हटा जाएगा।