गड़वार। क्षेत्र के शाहपुर गांव के समीप गुरुवार की दोपहर 12 बजे कांवरियों से भरे पिकअप हाईटेंशन तार छू गया जिससे पिकअप में करेंट उतर आया। इस घटना में छह कांवरिया करेंट लगने से झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
शाहपुर गांव के 25 महिला-पुरुष श्रद्धालु गुरुवार को पिकअप पर सवार होकर बाबाधाम के लिए रवाना हुए। पिकअप के चारों तरफ लोहे की पाइप लगाकर बांस और पटरा के सहारे दो छत्ती बनाई गई थी। दो छत्ती पर भी दर्जन भर श्रद्धालु सवार थे। दोपहर 12 बजे जैसे ही पिकअप गांव के सड़क पर पहुंचा कि वह हाईटेंशन तार की जद में आ गया। पिकअप में करेंट उतरने से पिकअप पर नीचे की सीट पर सवार सवार गड़वार थाना क्षेत्र के कोटवा शाहपुर निवासी शाहमुनी (50) पत्नी सदानन्द, भागमुनि ( 40) पत्नी चुनमुन, रेशमी (50) पत्नी शैलकुमार, रमावती (40) पत्नी शम्भू नाथ वर्मा, पवन (12) पुत्र श्रीकृष्ण राजभर, जयशंकर (45) गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। जबकि पिकअप की दो छत्ती पर बैठे श्रद्धालु बच गए। झुलसे लोगों को उसी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां रेशमी देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने रेशमी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऊंचाई पर होता तार तो बच जाते श्रद्धालुु : गड़वार। एक तरफ जहां बिजली विभाग जहां जर्जर तार व नीचे लटके तार को लेकर बेपरवाह है वहीं दूसरी तरफ बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालु भी कम लापरवाह नहीं हैं। देखा जा रहा है कि बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालु वाहनों पर बांस व पटरा लगाकर दो छत्ती बना दे रहे है और उस पर सवार होकर बाबा धाम दर्शन करने के लिए जा रहे हैं जिसके कारण आए दिन कहीं ना कहीं घटना घटित हो जा रही है। गड़वार थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में हुई घटना भी लापरवाही का ही परिणाम है। जहां जमीन से मात्र सात से आठ फीट ऊंची हाईटेंशन तार की जद में श्रद्घालुओं से भरी पिकअप आ गई और पिकअप में सवार छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसमें एक महिला की मौत हो गई। अगर पिकअप पर दो छत्ती नहीं बना होता तो शायद एचटी तार की जद में पिकअप नहीं आई होती। वहीं अगर एचटी तार ऊपर होता तो यह घटना घटित नहीं हुई होती।