बलिया। जिले में विधानसभा चुनाव छठवें चरण में होना है और इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 11 फरवरी को पूरी हो चुकी है। सात विधान सभाओं के लिए 122 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र संबंधित आरओ के यहां जमा किया है। आज नामांकन पत्रों की जांच होगी और 16 फरवरी को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। नामांकन पत्रों की जांच के समय प्रत्याशी या उनके चुनाव प्रतिनिधि में से कोई एक ही उपस्थित रहेंगे।
जिले के सात विधान सभा के लिए कुल 122 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। चार फरवरी से लेकर 11 फरवरी तक नामांकन की प्रक्रिया चली। सबसे ज्यादा बलिया नगर विधानसभा सीट पर 23 तो सबसे कम बैरिया विधानसभा में 10 नामांकन हुआ है। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 16 को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की असली तस्वीर सबके सामने आ जाएगी। फिलहाल पांच विधानसभा सीटों पर 15 से ज्यादा प्रत्याशी होने से प्रशासन की टेंशन बढ़ी हुई है। नामांकन पत्रों की जांच को लेकर जिला प्रशासन की ओर से चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन के दौरान कड़े सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहेंगे। बताया कि नामांकन के दौरान प्रत्याशी या उनके चुनाव प्रतिनिधि में से किसी को ही उपस्थित रहने की अनुमति होगी। बताया कि 15 फरवरी को अवकाश के कारण 16 फरवरी को नाम वापसी व चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
------------------
विधानसभा ------ प्रत्याशियों की संख्या
बेल्थरारोड (सुरक्षित) - 14
रसड़ा - 19
सिकंदरपुर - 17
फेफना - 17
बलिया नगर - 23
बांसडीह - 22
बैरिया - 10
-----------------------