हल्दी। पिकअप से बिहार जा रही 100 पेटी अंग्रेजी शराब को पुलिस ने क्षेत्र के रामगढ़ से मंगलवार को बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने प्रोपराइटर मनोज सिंह समेत चार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
बता दें कि हल्दी दुकान के मालिक के इशारे पर सेल्समैन शराब के बाटल पर बने बार कोड को खुरच कर काफी दिनों से बिहार भेजता था। मुखबिर से सूचना मिली कि हल्दी के तरफ़ से एक अवैध शराब लदी पिकअप बिहार जा रही हैं। पुलिस ने रामगढ़ ढाले के 100 मीटर पूरब बलिया-बैरिया मार्ग पर स्टेट बैंक शाखा के पास नाकेबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद हल्दी के तरफ से एक पिकअप आती दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक गाड़ी को बैक करने लगा जिसे पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। पकड़े गए पिकअप में अवैध 100 पेटी अंग्रेजी शराब लदी हुई थी। हल्दी पुलिस ने अवैध शराब के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चालान कर दिया। वही पकड़े गए अभियुक्तों के बयान पर दुकान के प्रोपराइटर व सेल्समैन पर भी मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष हल्दी सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि पकड़ी गए शराब की कीमत करीब 5 लाख 28 हजार है। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने अपना नाम व पता मुकेश यादव निवासी रामफल के टोला, बड़हारा भोजपुर बिहार तथा मुन्ना यादव निवासी सिताबदियार बाबू के डेरा, बैरिया बलिया बताया। अभियुक्तों ने बताया कि हमलोग शराब ले जाकर बिहार में बेचते हैं। जिससे हमें प्रत्येक पेटी पर एक हजार रुपये से अधिक का लाभ होता है। बताया कि हमलोग हल्दी स्थित अंग्रेजी शराब के मालिक मनोज सिंह को अधिक पैसा देकर ठेके के सेल्समैन राकेश के साथ मिलकर शराब के सारे बारकोड मिटा देते थे ताकि ठेके की पहचान नहीं हो सके। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के साथ साथ इसमें संलिप्त हल्दी अंग्रेजी शराब की दुकान के मालिक मनोज सिंह व सेल्समैन राकेश पर मुकदमा दर्ज किया है तथा पिकअप को सीज कर दिया है।
------------------
108 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार
बैरिया। रेलवे पुलिस ने सोमवार को अंग्रेजी शराब के साथ एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ के निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से अंग्रेजी शराब लादकर शराब तस्कर छपरा ले आ रहे हैं। रास्ते में ही ट्रेन को कवर कर रिविलगंज छपरा रेलवे स्टेशन के बीच बोगी संख्या डी 6 जनरल बोगी से अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों की 108 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है। उक्त शराब की तस्करी के आरोप में ट्रेन की बोगी से ही बैरिया थाना क्षेत्र के गोन्हिया छपरा निवासी अजय सिंह, सहतवार निवासी सीमा देवी पत्नी देव आनंद उर्फ संतोष तथा चुन्नू सिंह बनियापुर जनपद छपरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों गिरफ्तार लोगों को संबंधित धाराओं में न्यायालय के सुपुर्द कर दिया है।
-----------
346 लीटर कच्ची शराब के साथ एक गिरफ्तार
बैरिया/जयप्रकाश नगर। बैरिया पुलिस ने शोभाछपरा से 346 लीटर कच्ची शराब, भारी मात्रा में लहन व शराब बनाने के उपकरण सहित शोभा छपरा निवासी अष्टम सिंह को सोमवार की देर रात गिरफ्तार किया है। एसएचओ शिव शंकर सिंह के अनुसार काफी दिनों से उक्त व्यक्ति शराब बनाकर गांव में बेचे जाने के साथ ही बिहार में तस्करी करता था। मुखबिर की सूचना पर सोमवार की देर शाम घेराबंदी कर उक्त व्यक्ति को शोभा छपरा के एक ट्यूबवेल पर शराब के कारखाने से गिरफ्तार किया गया और उसके बताए स्थान से 346 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। कच्ची शराब दो प्लास्टिक के ड्रम में रखा हुआ था, इसके अलावा बड़ी मात्रा में लहन व शराब बनाने का उपकरण बरामद किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ पहले भी बैरिया थाने में मामला दर्ज है। गिरफ्तार व्यक्ति का पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।