रसड़ा। कासिमाबाद मार्ग स्थित सिधागर घाट पुलिया के समीप बृहस्पतिवार की देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खाई में पलट गई। इसमें बैठे शिवम (11) की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
कोतवाली प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शिवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गाजीपुर के बरेसर गांव से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर परिवार लौट रहा था। वाहन में फेफना निवासी जितेंद्र और सर्वदेव और उनका नाती शिवम बैठे थे। सिधागरघाट पुलिया के पास मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन बेकाबू होकर खाई में पलट गया। इसमें सवार चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुरेंद्र के पुत्र शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र और सर्वदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को रसड़ा अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सर्वदेव ने बताया कि वाहन किराए पर लिए थे। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। चालक की तलाश की जा रही है।