बलिया। कोरोना काल के बाद मंगलवार को कक्षा 6 से 8 तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों के ताले खुल गए। इस दौरान बच्चे काफी खुश नजर आए। हालांकि पहल दिन उपस्थिति कम दिखी। जल्द बच्चों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरकार ने बीते दिनों कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल खोलने के आदेश जारी किए थे। हालांकि, सरकार के आदेश जारी होने के बावजूद भी कुछ स्कूल वेट एंड वॉच की नीति अपना रहे हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को गाइडलाइन जारी कर कोरोना से बचाव के सभी निर्देशों का पालन करने को कहा है। इसके साथ ही स्कूलों में एक साथ 50 फीसदी कैपेसिटी के साथ छात्र बुलाने और बाकी बचे 50 फीसद छात्र अगले दिन स्कूल बुलाने का निर्देश दिया गया है। स्कूल खुलने से एक ओर जहां बच्चों के चेहरे गुलजार रहे तो दूसरी ओर स्कूल परिसर भी भरे-भरे नजर आए। बच्चों ने जमकर मस्ती भी की। हालांकि अधिसंख्य स्कूलों में आने वाले बच्चे कोविड-19 की गाइड लाइन से बेपरवाह दिखे। यही नहीं लंबे समय बाद बच्चों को कक्षाओं में पढ़ाने आए गुरुजी भी कोरोना की घातकता से बेपरवाह होकर शिक्षण कार्य करते दिखे।