अघैला-मुड़ाडीह मार्ग पर सोमवार सुबह साइकिल को बचाने में स्कूली बस पलट गई। संयोग अच्छा था की कोई बच्चा घायल नहीं हुआ। बच्चों के शोर मचाने पर भागकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बच्चों को गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें घरों के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया सहतवार-रेवती मुख्य मार्ग पर स्थित लिटिल स्टार स्कूल की गाड़ी बच्चों को लाने के लिए अघैला गांव में गई थी। उधर से वापस लौटते समय अभी मुडाडीह मोड़ के पास पहुंची थी कि अचानक एक युवक साइकिल लेकर आ गया। उसको बचाने में स्कूल की गाड़ी पलट गई। गाड़ी पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों लोग दौड़कर पहुंच गए। गाड़ी का शीशा तोड़कर किसी तरह से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकला। गांव के लोगों ने ही गाड़ी को उठाकर रोड पर खड़ा किया। गाड़ी में अघैला गांव की दीपिका साह, अंश साह, आशीष चौहान आदि सात बच्चे मौजूद थे। प्रबंधक अजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मुड़डीह निवासी देवतानंद सिंह, अंजनी सिंह, पारस सिंह, रामभजु वर्मा आदि का कहना है कि रेलवे क्रासिंग से मुडा़डीह अघैला लगभग तीन किमी मार्ग की स्थिति बद से बदतर हो गई है। इस रोड पर साइकिल तो दूर पैदल भी चलना मुश्किल हो गया है। इस रोड पर मोटर साइकिल सवार अक्सर गिर कर घायल होते रहते हैं। रोड को बनाने के लिए कई बार अधिकारियों को ध्यान आकृष्ट कराया गया लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।