भगवानपुर में पेड़ से टकराई स्कूली बस
- फोटो : BALLIA
लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव के सामने एक स्कूली बस सड़क किनारे बबूल के पेड़ से टकरा गई। हालांकि उसमें बैठे सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित हैं। हादसे के बाद बस का चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची दोकटी पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर भोजापुर बैरिया की बस रोजाना की तरह बुधवार को भी दलन छपरा चट्टी से 60 छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी। अभी बस भगवानपुर गांव के सामने पहुंची थी कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बबूल के पेड़ से जा टकराई। लोगों की मानें तो कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई। बस के पेड़ से टकराने के बाद छात्र-छात्राएं दहशत में थे और अधिकांश बच्चे रो रहे थे। सूचना मिलते ही कई बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए । उधर, हादसे की जानकारी होते ही स्कूल की ओर से दूसरी बस भेजी गई और बच्चों को स्कूल ले गए। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही दोकटी एसएचओ अखिलेश मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।