जयप्रभा सेतु से सठिया ढाला के बीच की भूमि को काटती सरयू नदी।
- फोटो : BALLIA
बैरिया/जयप्रकाशनगर। सरयू नदी के तटवर्ती इलाके में माझी जयप्रभा सेतु से लेकर सठिया ढाला तक तथा उसके आगे नई बस्ती तक हो रहे कटान से तटवर्ती लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोग यह कहते सुने जा रहे हैं कि आखिर अब कहां जाएंगे। अगर सरयू माता यहां भी हम लोगों को नहीं रहने देंगी।
बता दें कि इब्राहिमाबाद नौबरार में सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे कटान रोधी कार्यों के चलते इब्राहिमाबाद नौबरार के पास सरयू नदी का कटान रुक गया है। किंतु उसके पीछे मांझी जयप्रभा से सठिया ढाला तक बकुलहा संसार टोला बांध के बीच की खेती वाली जमीन को सरयू रोज रोज काटती जा रही हैं। चांददियर ग्राम पंचायत के किसानों की जमीन लगातार कटती जा रही है जिससे किसान परेशान हैं वहीं लगातार कटान के कारण सरयू नदी भी बकुलहा संसार टोला बांध के करीब बढ़ती आ रही हैं। यही हाल रहा तो बकुलहा संसार टोला बांध के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। अगर नदी का प्रहार बांध पर हुआ और बांध क्षतिग्रस्त हुआ तो बड़े पैमाने पर तबाही भी मच सकती है। लेकिन इसको लेकर जिला प्रशासन मौन है।