बैरिया। थाना क्षेत्र के सुरेमनपुर गांव निवास संजीव कुमार की गुजरात के वापी में बृहस्पतिवार की रात बदमाशों ने मारपीट कर हत्या कर दी। घटना की सूचना गांव पहुंची तो परिजन शोकाकुल हो गए।
युवक के चाचा मनोज प्रसाद ने बताया कि बड़े भाई उदय शंकर पत्नी व बेटे के साथ गुजरात में रहकर व्यवसाय कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनका इकलौता बेटा संजीव कुमार तीन से चार किमी दूर वापी में कुछ दिनों से किराना का दुकान खोलकर चला रहा था। दुकान पर एक दो दिन पूर्व चार पांच बदमाश उधार पर सामान मांगने का दबाव बना रहे थे। सामान न देने पर कहासुनी व गालीगलौज हो गई थी।
बदमाशों ने शुक्रवार की रात संजीव पर हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर बगल में रह रहे मां-बाप पहुंचे। उन्हीं ने घटना की जानकारी गांव पर रहने वाले छोटे भाई मनोज को दी। मौत की खबर लगते ही परिवार के सदस्यों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम होने के बाद युवक के पिता उदय शंकर को सौंप दिया। वह शव लेकर एंबुलेंस से सोमवार तक गांव पहुंचेंगे, जहां दाह संस्कार होगा। संवाद