बलिया। शहर के चौक में तीन व चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध है। धनतेरस दीपावली पर्व की खरीदारी करने के लिए बाजार आने वाले लोग कार व बाइक सड़क पर खड़ा कर दे रहे हैं। इसके कारण वाहनों को निकलने की कौन कहे राहगीरों को पैदल चलन मुश्किल हो गया है।
स्टेशन मालगोदाम रोड स्थित इलेक्ट्रानिक मार्केट के सामने एनएच-31 पर दो सौ से ज्यादा बाइकें सुबह से शाम तक खड़ी रहती हैं। वहीं, अंडर ग्राउंड में दुकानों का स्टोर बना रखा है। हाईवे पर अवैध पार्किंग से सड़क संकरी होने से वाहन रेंगते हुए निकलते हैं। पूरे दिन जाम के हालात बना रहता है। वहीं, रेलवे स्टेशन के सड़क के दोनों तरफ ई-रिक्शा वाले आधी सड़क तक खड़ा कर सवारी बैठाते व उतारते हैं। ई-रिक्शा चालकों के बेलगाम होने से अन्य लोगों व चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जनपद में करीब 15 सौ से अधिक ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। जबकि नगर की सड़क पर पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा फर्राटा भर रहे हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आठ चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस व पीआरडी जवानों की तैनाती की गयी है। लेकिन जिन जगहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है। उन्हीं जगहों पर रोजाना जाम की समस्या बढ़ रही है। नगर में पार्किंग की सुविधा न होने व पटरियों पर अतिक्रमण के कारण ई-रिक्शा या अन्य वाहन सड़क पर खड़ा कर सवारी बैठाते हैं।
जिला अस्पताल व महिला अस्पताल दिनभर एंबुलेंस का आना जाना होता। कई बार तो इनकी वजह से लगने वाले जाम में फंस जाती हैं। रोडवेज तिराहा पर ट्रैफिक पुलिस व पीआरडी जवान तैनात रहते हैं। यह या तो आपस में बातचीत करने में व्यस्त रहते हैं। या फिर बिना हेलमेट चलने वाले दो पहिया वाहनों का चालान करने में, लेकिन इन्हें जाम का कारण बनने वाले ई-रिक्शा नजर नहीं आते हैं। जब कभी किसी अधिकारी की गाड़ी जाम में फंस जाती है, तो तुरंत टोपी पहन जाम खुलवाने में लग जाते हैं।
यातायात प्रभारी समद खां ने कहा कि शहर चौक में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर चालान काटा जा रहा है। जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस व पीआरडी कर्मी मुस्तैद रहते हैं। कुछ चालक मनमानी करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
स्टेशन व माल गोदाम के बाहर बनाया अवैध पार्किंग : स्टेशन के सामने व मालगोदाम के बाहर एनएच-31 सड़क पर मनमाने तरीके से ई-रिक्शा व ऑटो खड़ा कर सवारी बैठाते हैं। वहीं, पास में पीआरडी जवान खड़े रहते हैं लेकिन इनसे बिना डरे सवारी बैठाते हैं। भीड़ बढ़ने पर जाम के हालात बन जाते हैं। यातायात प्रभारी द्वारा कई बार चेतावनी देने के बावजूद भी चालकों की मनमानी जारी है। यही हाल सेंट्रल बैंक के बाहर का है। पटरी पर ठेला व दुकानों के अतिक्रमण के कारण लोग वाहनों को सड़क पर खड़ा करते हैं।