नगरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर मोड़ के समीप शनिवार को भोर में बाइक सवार बदमाशों ने टहलने निकले सरया बगडौरा निवासी गिट्टी बालू कारोबारी 50 वर्षीय हीरामन यादव की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नगरा-गड़वार मार्ग पर शव को रख जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ के कार्रवाई के आश्वासन पर लगभग ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के पुत्र सिंटू यादव की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
नगरा थाना क्षेत्र के सरया बगडौरा निवासी हीरामन यादव की बछईपुर चट्टी के पास गिट्टी बालू की दुकान है। शनिवार भोर में हीरामन प्रतिदिन की भांति नगरा-गड़वार मार्ग पर टहलने निकले थे। अभी सुल्तानपुर मोड़ से सौ मीटर पूरब पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने असलहे से पेट और सिर में गोली मार कर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ नगरा-गड़वार मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हत्या और जाम की सूचना पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लगभग ढाई घंटे बाद जाम समाप्त कराया। मृतक के पुत्र सिंटू यादव की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत करने के बाद आरोपी रमाकांत यादव को गिरफ्तार किया है।
-------------------------
छेड़खानी को लेकर ढाई साल से चल रहा था विवाद
नगरा। सरया बगडौरा निवासी हीरामन यादव की हत्या के पीछे छेड़खानी को लेकर दो साल पहले की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इसमें दो बार दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई और हीरामन ने पुलिस को दो बार तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और हल्की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर खानापूर्ति कर दी। परिवार के लोगों ने बताया कि हीरामन ने दो बार जान माल के खतरे का प्रार्थना पत्र थाने पर दिया था, लेकिन पुलिस पर कोई असर नहीं पड़ा। इसका परिणाम हत्या के रूप में सामने आया। मृतक का एक पुत्र 22 वर्षीय सिंटू और दो पुत्रियां 20 वर्षीय नेहा व 18 वर्षीय निधि हैं। पुत्र और बड़ी पुत्री की शादी भी मई में तय है। पत्नी शीला यादव का रोते रोते बुरा हाल है। हीरामन दो भाइयों में छोटा था।
-------------------------------
नगरा पुलिस बताए कि उसे महीने में कितने चाहिए पैसे, हम देंगे: उमाशंकर
नगरा। रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने हीरामन की पुत्री की मई में होने वाली शादी का पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया। पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि नगरा पुलिस जनता को बख्श दे। सुरक्षा के प्रति गंभीर हो जाए। राजस्व की दखलंदाजी बंद करे। नगरा पुलिस बता दे कि उसे माह में कितना खर्च चाहिए, हम देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि रसड़ा विधान सभा क्षेत्र में तीन थाने रसड़ा, नगरा व गड़वार पड़ते हैं। नगरा व गड़वार के रवैये से हम क्षुब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जिले की पुलिसिंग व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त को चुकी है। पूर्व में तैनात एसपी प्रभाकर चौधरी की तारीफ करते हुए कहा कि नगरा पुलिस सरया बगडौरा मामले में गंभीर रही होती तो और धाराएं नहीं बदली होती तो आज हत्या जैसी घटना नहीं होती।
---------------
12 घंटे में दो हत्याएं पुलिस कर क्या रही है: सनातन
नगरा। नगरा-गड़वार मार्ग पर हुई हीरामन यादव की हत्या की जानकारी होते ही पूर्व विधायक सनातन पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। नगरा थाने में घटना को लेकर सनातन पांडेय ने एसपी से हत्या पर चिंता जताई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व विधायक ने कहा कि 12 घंटे के भीतर रसड़ा तहसील क्षेत्र में हुई दो-दो हत्याएं पुलिस की कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगा रही हैं। यदि पुलिस अपने कर्तव्यों का पालन करती तो अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता था।
-----------------