जनपद की जर्जर सड़कों की मरम्मत नहीं होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए संबंधित ठेकेदार और जिला प्रशासन जिम्मेदार है। मरम्मत नहीं होने से सड़कों की स्थिति काफी खराब होती जा रही है। शुक्रवार को वरिष्ठ समाजसेवी सुधांशु शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में नगरवासियों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी गोविंदराजू एनएस से मिला तथा मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा।
उन्होंने कहा कि यदि एक माह के भीतर जिले की प्रमुख सड़के नहीं बनी तो ठेकेदार और जिला प्रशासन के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट दायर किया जाएगा। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में जिक्र किया कि जनपद के ब्लाक सोहांव, गड़वार तथा हनुमानगंज का भ्रमण करने पश्चात यह देखा गया है कि समस्त सड़कें टूटी हुई है तथा सड़कों में केवल गड्ढे ही नजर आ रहे हैं।
इसका मूल कारण मानक के विपरीत सड़क का निर्माण होना है तथा निर्माण करने वाले विभाग की पूर्णतया लापरवाही स्पष्ट होती है। सड़कों की बात की जाय तो कारों से वसुदेवा, नरहीं तक का संपर्क मार्ग। नरहीं बैरिया से बभनौली, मिल्की, अंजोरपुर, थम्हनपुरा होते हुए सागरपाली तक का संपर्क मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग के सागरपाली, फेफना, नरहीं, बसंतपुर, सोबंथा, लक्ष्मणपुर, भरौली आदि जगहों पर सिर्फ गड्ढे हैं।
धर्मापुर से पलीगरा, बीबीपुर होते हुए नसीरपुर कला तक का संपर्क मार्ग, गड़वार से जिगनी, पियरिया तक का संपर्क मार्ग, रतसर से गड़वार तक का संपर्क मार्ग, पंचखोरा से रतसर तक का संपर्क मार्ग, वायना से करनई तक का संपर्क मार्ग, सोहांव ब्लाक से ग्राम सोहांव तक का संपर्क मार्ग तथा गड़हा क्षेत्र की समस्त सड़कें। कपुरी से चेरूइया गंगहरा तक का संपर्क मार्ग गड्ढानुमा है। इन सड़कों पर गड्ढा होने के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती है। इस मौके पर संदीप उपाध्याय, पंकज सिंह, अभिषेक उपाध्याय, सर्वजीत सिंह यादव आदि रहे।