बलिया। जिले में ‘हर घर नल से जल’ योजना के तहत पेयजल संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए शुरू किए गए ‘जल सारथी’ एप के माध्यम से अब तक 1062 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। एप पर 1093 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 31 अभी लंबित हैं।
विभाग का दावा है कि इन शिकायतों के समाधान के लिए भी काम किया जा रहा है। जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि एप पर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेकर उनके निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए इस डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोगों को अपनी शिकायत दर्ज कराने में सहूलियत मिल रही है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। पुरानी या क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से संबंधित शिकायतें मिलने पर मरम्मत भी कराई जा रही है, ताकि जलापूर्ति बाधित न हो। जिले में अब तक 6020 से अधिक लोग ‘जल सारथी’ एप डाउनलोड कर चुके हैं। इसके माध्यम से ग्रामीण पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों को सीधे विभाग तक पहुंचा सकते हैं। विभाग का कहना है कि शिकायतों के निस्तारण की इस व्यवस्था से जल जीवन मिशन के कार्यों की निगरानी और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिल रही है।
इनसेट...
ऐसे दर्ज करें शिकायत:
पेयजल से जुड़ी समस्या होने पर ‘जल सारथी’ एप डाउनलोड कर उसके माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।