पीएम किसान सम्मान निधि जारी होने के बाद जिला कृषि भवन कार्यालय में किसानों को सम्मानित करते
बलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जिले के 3,50,118 किसानों के बैंक खातों में करीब 70 करोड़ दो लाख 36 हजार रुपये की धनराशि पहुंची।
एक साथ बड़ी संख्या में किसानों के खातों में सम्मान निधि की रकम पहुंचने से उनके चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के संबोधन और किस्त जारी करने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से किसानों के हित में कृषि विभाग के माध्यम से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी खेती को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
खेती की जरूरतों को पूरा करने में मिलेगी मदद: सीडीओ ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को सालाना छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं।
इस धनराशि का उपयोग किसान खाद, बीज, खेतों की जुताई और खेती से जुड़ी अन्य जरूरतों को पूरा करने में कर सकते हैं। उप निदेशक कृषि मनीष कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की आय और उपज बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। पीएम किसान सम्मान निधि की धनराशि किसानों को अगली फसल की तैयारी में आर्थिक मदद प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री ने गुजरात से इस किस्त को जारी किया, जिसका प्रसारण जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तर तक किया गया। इस दौरान किसानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में किसान नेता संतोष सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।