सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से लगने वाले रोजगार मेलों को अब ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए युवाओं को संगम पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। कंपनी के अधिकारी संबंधित युवक से ऑनलाइन इंटरव्यू लेंगे और रोजगार मुहैया कराएंगे। जुलाई के अंतिम सप्ताह से इसकी शुरुआत होगी। इससे जिले के करीब एक लाख से अधिक युवाओं को लाभ मिलने का अनुमान है।
सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले बेरोजगार युवक- युवतियों की संख्या 70 हजार से अधिक है। जबकि हाल ही में शुरू हुए संगम पोर्टल पर अब तक 100 युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
अब विभाग रोजगार मेलों का आयोजन नहीं करेगा। सीधे ऑनलाइन ही मेलों का आयोजन होगा। संगम पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ऑनलाइन ही इंटरव्यू होगा और रोजगार मिलेगा। इस संबंध में प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग के निर्देशक ने जिला सेवायोजन अधिकारी व जिलाधिकारी को पत्र जारी किया है।
ये होगी पंजीकरण की प्रक्रिया
पत्र में निर्देशित किया गया है कि सरकारी व निजी संस्थानों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व फार्मा इंस्टीट्यूट, डिग्री कॉलेजों का एकीकृत संगम रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। संस्थानों को पंजीकरण के साथ ही प्लेसमेंट सेल भी बनानी होगी। इसमें उनके संस्थान में अध्ययनरत अंतिम वर्ष के छात्र- छात्राओं का पंजीकरण कराया जाएगा। छात्रों के विवरण की पुष्टि के बाद पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होगी। संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी और सेवायोजन कार्यालय के बीच समन्वय स्थापित करना होगा।
इस पोर्टल के माध्यम से नियोजकों द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन कैंपस इंटरव्यू भी किए जा सकते हैं। एकीकृत पोर्टल पर अभ्यर्थियों के लिए मार्गदर्शन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था भी विकसित की गई है।
क्या बोले अधिकारी
बेरोजगार और सेवायोजकों के लिए संगम पोर्टल बनाया गया है। इससे दोनों को मदद मिलेगी। रोजगार दिलाने व पंजीकरण में किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। -जयप्रकाश पासवान, सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी, बलिया