बेल्थरारोड। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बेल्थरारोड डिपो से संबद्ध संविदा चालक रामदुलारे की आगरा के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चालक के घर कोहराम मच गया। चालक का शव यहां आते ही परिजन धाड़े मार कर रोने लगे।
रोडवेज बस स्टेशन बेल्थरारोड से आगरा के लिए दो चालक व एक कंडक्टर बस को लेकर रवाना हुए। रविवार को रात बस आगरा से 60 किलोमीटर पहले टोल प्लाजा के पास पहुंची। बस के आगे तेज रफ्तार से जा रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। बस ने ट्रेलर में टक्कर मार दी। हादसे में चालक को छोड़ सभी यात्री व स्टाफ सुरक्षित रहे। अन्य चालक व कंडक्टर की मदद से घायल रामदुलारे को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां से रेफर होने के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। बेल्थरारोड डिपो के क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक राकेश श्रीवास्तव व स्टाफ ने मृत चालक के घर पहुंच शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। संवाद